भास्कर न्यूज | सरायकेला राष्ट्रीय आविष्कार अभियान एवं नवाचार के तहत सरायकेला का प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रखंड संसाधन केंद्र सरायकेला में आयोजित उक्त प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रोचक विज्ञान प्रदर्शनी प्रस्तुत किया। साथ ही क्विज प्रतियोगिता में दमखम दिखाए। मौके पर उपस्थित रहे सरायकेला प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में शिक्षा के प्रति नया उमंग और उत्साह का संचार करती हैं। यह आविष्कार व नवाचार के लिए नई सोच का विकास करती हैं। मौके पर निर्णायक मंडली द्वारा दोनों प्रतियोगिताओं के नतीजे घोषित किए गए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरायकेला प्रथम, नित्यानंद उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिंदरी द्वितीय एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय महादेवपुर तृतीय स्थान पर रहा। जबकि क्विज प्रतियोगिता में बालक मध्य विद्यालय सरायकेला की सुप्रिया पति प्रथम, नित्यानंद उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिंदरी की अनु महतो द्वितीय एवं मध्य विद्यालय मुरूप की देवाशीष प्रधान तृतीय स्थान पर रहे।


