धनबाद में सड़क हादसे के बाद बवाल:आगजनी कर मेन रोड किया जाम, कई बूथों पर मतदान प्रभावित, पुलिस मुस्तैद

झरिया में नगर निगम चुनाव के बीच एक सड़क हादसे ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। देर रात झरिया थाना और घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के लिलौरी पथरा इलाके में अवैध कोयला ले जा रहे एक ट्रक की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मौके पर ही दो से तीन कोयला लदे ट्रकों को रोक लिया और विरोध शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन लगातार जारी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। बच्ची की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देर रात से ही इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। आगजनी से सड़क जाम, मतदान प्रभावित सोमवार सुबह गुस्साए लोगों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर डीएवी उच्च विद्यालय के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। यह स्थान बूथ संख्या 12, 13, 14 और 15 के समीप है। सड़क जाम होने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो गई और मतदाताओं को बूथों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बीच रास्ते से लौटते नजर आए, जबकि कुछ मतदाता पैदल ही वैकल्पिक रास्तों से मतदान केंद्र तक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अवैध कोयला ढुलाई पर रोक लगाने की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रशासनिक अधिकारी आंदोलनकारियों को समझाने और सड़क जाम हटवाने का प्रयास कर रहे हैं। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है ताकि स्थिति और न बिगड़े। खबर लिखे जाने तक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *