बिस्मिल मंदिर से बरवाई तक निकलेगी मशाल पदयात्रा, होगा गार्ड ऑफ ऑनर

भास्कर संवाददाता । मुरैना महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद पं रामप्रसाद बिस्मिल के 97वें बलिदान दिवस 19 दिसंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट परिसर स्थित शहीद बिस्मिल मंदिर पर अनेक कार्यक्रम होंगे। अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद की अध्यक्षता में जिला प्रशासन व आयोजन समिति की समन्वय बैठक में शहीद बिस्मिल चिरस्मृति जनकल्याण शिक्षा सेवा संस्था व मप्र शिक्षक संघ सहित संस्थाओं की मौजूदगी में कार्यक्रम निर्धारित किया। अमर शहीद बिस्मिल चिरस्मृति संस्था के अध्यक्ष डॉ नरेश सिंह सिकरवार ने बताया गुरुवार को सुबह 8 बजे डाइट परिसर स्थित शहीद बिस्मिल मंदिर पर ध्वजारोहण कलेक्टर अंकित अस्थाना द्वारा किया जाएगा। अमर बलिदानियों की याद में आयोजन को भव्य रूप देने एडीएम ने सम्पूर्ण आयोजन की व्यवस्था हेतु कार्य वितरित किए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए रक्षित निरीक्षक पुलिस लाइन कनक सिंह, गार्ड ऑफ ऑनर के लिए कमांडेंट 5वी बटालियन मुरैना को जिम्मेदारी सौंपी है। बरबाई में सीएमओ अंबाह शारिब कौसर को भोजन आदि की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी है। मुख्य कार्यक्रम डाइट परिसर स्थित शहीद मंदिर पर होगा। यहां पूजा अर्चना, आरती, स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। पुष्प तोपों से सलामी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। यहां से मशाल पदयात्रा, नई हाउसिंग बोर्ड स्थित बिस्मिल चौक, शहीद स्मारक से शहीद संग्रहालय होते हुए बिस्मिल के पैतृक गांव बरबाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *