भाजपा विधायक सीपी सिंह ने आरोप लगाया है कि हेमंत सरकार राज्य के छात्रों का भविष्य बेच रही है। निहत्थे छात्रों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई अमानवीय है। सरकार को छात्र हित में सीजीएल में हुई धांधली की सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इन लाखों छात्रों के साथ खड़ी हैं। मंगलवार को भाजपा ने सीजीएल अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सीएम का पुतला फूंका। रांची महानगर भाजपा के तत्वावधान में हुए प्रदर्शन का नेतृत्व वरुण साहू ने किया। कार्यकर्ता हाथों में तख्ती लेकर और काला बिल्ला लगाकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शहीद चौक पहुंचे। वे सीजीएल परीक्षा रद्द करने, परीक्षा में हुई अनियमितता की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे थे। वरुण साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार युवा और छात्र विरोधी है। अगर सीजीएल में गड़बड़ी नहीं, तो सरकार सीबीआई जांच से क्यों भाग रही है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने भी सीजीएल मामले में सरकार को आईना दिखाया है। भाजयुमो अध्यक्ष शशांक राज ने कहा है कि आज न्यायालय में छात्रों के संघर्ष की जीत हुई है। कार्यक्रम में आरती कुजूर, शशांक राज, सुबोध सिंह गुड्डू, केके गुप्ता, रमेश सिंह, बलराम सिंह आदि थे। सीजीएल पर हाईकोर्ट का आदेश सरकार के अहंकार की पराजय: बाबूलाल मरांडी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीजीएल परीक्षा पर झारखंड हाईकोर्ट के आदेश का स्वागत किया है। मरांडी ने कहा-कोर्ट का आदेश संघर्षरत हजारों छात्रों की जीत व राज्य सरकार के अहंकार का पराजय है। सभी छात्रों व भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ आवाज उठाई। मरांडी ने दावा किया कि जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक प्रकरण में मुख्यमंत्री, सत्ता दल के नेता, प्रशासनिक अफसर व आयोग की भूमिका संदिग्ध है। इसलिए, इसकी सीबीआई जांच बेहद जरूरी है।


