बारां के चार मूर्ति चौराहे पर मंगलवार को दिन में निजी बस स्टैंड पर बसों की पार्किंग को लेकर दो ड्राइवरों में विवाद हो गया। सुलभ कॉम्प्लेक्स के सामने कोटा जाने वाले बस स्टैंड पर यह घटना हुई। दोपहर में एक बस अपने नंबर के अनुसार खड़ी थी। इसी दौरान दूसरी बस पीछे आकर रुक गई। पीछे वाली बस के ड्राइवर ने आगे वाली बस के ड्राइवर से गाड़ी आगे ले जाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। गुस्से में आए बस ड्राइवर सोनू ने पीछे वाली बस के ड्राइवर दिनेश केवट पर चाकू से हमला कर दिया। दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


