बिलासपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद विकास कार्यों में तेजी आएगी। मल्हार सोसायटी में धान खरीदी में हुई गड़बड़ी के मामले में कलेक्टर ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। कलेक्टर अवनीश शरण ने अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक ली। कलेक्टोरेट में लंबित मामलों और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में डीएफओ सत्यदेव शर्मा समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने आचार संहिता के कारण रुकी भर्ती प्रक्रिया को भी शुरू करने का निर्देश दिए हैं। मार्च के अंत तक पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया कलेक्टर कार्यालय, एनएचएम सहित सभी विभागों में मार्च के अंत तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करनी होगी। संविदा, कलेक्टर रेट या अन्य किसी भी मद से काम कर रहे कर्मचारियों का वेतन समय पर देने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार की योजना के अनुसार सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस लागू करने के लिए एनआईसी से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप इस साल से मल्हार महोत्सव फिर से शुरू किया जाएगा। इस मामले में 4 मार्च को दोपहर 12 बजे बैठक होगी। कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की।


