विद्यार्थियों ने फल व सब्जियों से सलाद तैयार किया

भास्कर न्यूज | बालोद शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुंदा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा एवं कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजित प्रतियोगिताओं में सलाद सज्जा, व्यंजन, केश सज्जा, मेहंदी, पेंटिंग, तात्कालिक भाषण, वाद-विवाद और गायन प्रमुख रूप से शामिल थीं। सलाद सज्जा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ताजे फल और सब्जियों का आकर्षक एवं सृजनात्मक उपयोग कर स्वास्थ्यवर्धक सलाद तैयार किया। व्यंजन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पाक-कला और प्रस्तुतीकरण कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। केश सज्जा और मेहंदी प्रतियोगिता में पारंपरिक और आधुनिक शैली का समन्वय प्रस्तुत कर प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक दक्षता दिखाई। पेंटिंग प्रतियोगिता की थीम भारतीय ज्ञान परंपरा रही, जिसमें विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, प्राचीन शिक्षा पद्धति और पारंपरिक ज्ञान के विभिन्न आयामों को सृजनात्मक रूप में अभिव्यक्त किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण के लिए उपयोगी बताया और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में सांस्कृतिक समिति की प्रभारी दीपिका कंवर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता भी कराई गई वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय सोशल मीडिया रोजगार उपलब्ध कराने में कारगर है रखा गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में तार्किक विचार प्रस्तुत कर अपनी गहन समझ और प्रभावी अभिव्यक्ति क्षमता दिखाई। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मंचीय कौशल को विकसित किया। गायन प्रतियोगिता में मधुर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक और आनंदमय बनाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *