जांजगीर | मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान 1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री ज्यादा रहा। अधिकांश समय के लिए मौसम साफ रहा। उत्तर दिशा से हवा आने से लोगों को सुबह से रात तक ठंड का अहसास हुआ। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले तीन दिन लोगों को राहत मिल सकती है, क्योंकि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ 19 और 22 दिसंबर को देश के कई राज्यों से होकर गुजरने की संभावना है। इसके अलावा एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। जो आने वाले समय में मजबूत हो सकता है। दोनों सिस्टम के प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन होने की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से मौसम में उतार-चढ़ाव होने का अनुमान है। अगले 24 घंटे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।


