दौसा जिले की मानपुर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुकेश शर्मा निवासी ओंकार कॉलोनी एनईबी पुलिस थाना अलवर का रहने वाला है। फिलहाल परिवार के साथ बी ब्लॉक मोतीबाग नानकपुर पश्चिम दिल्ली में रहता है। मृतक महिला के भाई अभिषेक जैमन निवासी सूर्य नगर अलवर ने अपने जीजा के एफआईआर दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया था कि उसके माता-पिता के कुल चार संतान हैं, जिनमें तीन बहन और वह अकेला भाई है। उसकी एक बहन प्रियंका उर्फ मीनू की शादी साल 2004 में मुकेश शर्मा निवासी ओंकार कॉलोनी अलवर के साथ हुई थी। उसका जीजा मुकेश डीआरडीओ में नौकरी करता है, जिसकी दिल्ली में पोस्टिंग है। अभिषेक ने रिपोर्ट में बताया कि 24 फरवरी को सुबह करीब 11:30 उसकी बड़ी बहन प्रतिष्ठा ने कॉल करके बताया कि प्रियंका की बेटी का फोन आया है, उसने बताया कि उसके मम्मी-पापा मेहंदीपुर बालाजी दर्शन करने गए थे, लेकिन सुबह करीब 5 बजे पापा अकेले ही वापस घर लौट आए। बेटी द्वारा मम्मी के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह बालाजी ही रुक गई और वापस नहीं आई। ऐसा कहते हुए वह घर से चला गया। कुछ देर बाद पुलिस थाने से फोन आया और बताया कि सड़क के पास महिला की लाश पड़ी मिली है, जिसका गला घोंटने के निशान हैं। रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन प्रियंका 23 फरवरी को दिल्ली से अपने पति मुकेश के साथ बालाजी के दर्शन करने गई थी। जहां किसी बात को लेकर जीजा ने उसकी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। थाना इंचार्ज सतीश कुमार ने बताया कि घटनाक्रम के बाद कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


