धौलपुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला से लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। घटना 12 फरवरी को हुई थी, जब एक बुजुर्ग महिला सैंपऊ चौराहे पर बसई नवाब जाने के लिए खड़ी थीं। दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे बात की और बसई नवाब पुल तक ले जाने का बहाना बनाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने महिला से तीन सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र और एक कीपैड मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से बसई नवाब पुल के पास से दो आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में मनोज (28) निवासी नगला बीच, थाना नाखी, फिरोजाबाद और राजू (55) निवासी संजय कॉलोनी दिल्ली, हाल धनौली, थाना मलपुरा, आगरा शामिल हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल और छीना गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल धौलपुर के हरवेंद्र की विशेष भूमिका रही।


