रांची के अपराधी पर ओडिशा पुलिस ने रखा इनाम, अपहरण का है आरोपी

अपहरण का आरोपी और कांके, रांची का रहने वाला अपराधी बाबू सिंह उर्फ शाहनवाज उर्फ सादाब खान को ओडिशा पुलिस ने वांटेड घोषित किया है। ओडिसा पुलिस ने उस पर दो लाख रुपए का इनाम रखा है। हाई प्रोफाइल अपहरण मामले में पुलिस को उसकी तलाश है। ओडिशा पुलिस ने कहा है कि अभियुक्त के बारे में सूचना देने वाले को इनाम दिया जाएगा। साथ ही उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। यह पूरा मामला फिरौती मांगने से जुड़ा है। ओडिशा के क्योंझर पुलिस ने सात फरवरी को खनन उपाध्यक्ष निमानंद प्रधान के अपहरण मामले का खुलासा किया था। इस केस में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि सादाब खान ने निमानंद प्रधान के ऑफिस के एक ड्राइवर की मदद से अपहरण की साजिश रची थी। इसकी योजना एक साल पहले बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, ड्राइवर ने ऑफिस में लड्डू बांटे और कहा कि उसने नई कार खरीदी है। लड्डू में नशीला पदार्थ मिला था, जिससे निमानंद के ड्राइवर आकाश और एक अन्य ड्राइवर बेहोश हो गए। इसके बाद निमानंद ने दूसरे ड्राइवर फिरोज से उनको घर तक छोड़ने को कहा। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें अगवा कर लिया और झारखंड ले गए। अपहरणकर्ताओं ने खनन उपाध्यक्ष के परिवार से दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। पुलिस अब इस मामले के मास्टरमाइंड बाबू सिंह उर्फ सादाब खान की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *