भास्कर न्यूज | फाजिल्का गांव सुरेशवाला में एक ऐसी चोरी का खुलासा हुआ है, जिसने मालिक और नौकर के रिश्ते को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। मुकेश कुमार जो अपने घर में नौकर पर पूरा भरोसा करते थे। उन्हें तब गहरा झटका लगा जब उनके ही रसोइए ने उनके विश्वास को तोड़ते हुए 32 तोला सोने के जेवर और 15 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मुख्य आरोपी गोरा सिंह, जो कई वर्षों से मुकेश कुमार के घर में खाना बनाने का काम करता था। अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर 1 जनवरी को इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी रणजीत सिंह के मुताबिक, गोरा सिंह को घर के हर कोने की जानकारी थी। जिससे उसे चोरी को अंजाम देने में आसानी हुई। घटना के बाद जब मुकेश कुमार को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो शक की सुई गोरा सिंह की ओर घूमी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने अपराध को कबूल लिया और बताया कि चोरी किए गए जेवरात और नकदी को उसने अपने चचेरे भाई के पास छिपा रखा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी ताकि चोरी किए गए सामान को बरामद किया जा सके।


