विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन अवैध शराब से हुई मौत को लेकर विपक्ष ने हंगामा मचाया। ध्यानाकर्षण के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत ने यह मुद्दा उठाया? गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है रिपोर्ट आने के बाद इस पर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन गृहमंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। महंत ने बिलासपुर के ग्राम लोफंदी में अवैध शराब पीने से हुई मौतों का मामला उठाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शराब की बाढ़ आ गई है, इसे रोकना होगा। गली-गली में लोग शराब बेच रहे हैं। अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूछा कि कच्ची शराब बनाने वाले के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है। गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जीरो टॉलरेंस पर सरकार काम कर रही है। पहली बार नशे का कारोबार करने वालों की प्रॉपर्टी अटैच की गई है। इस प्रकरण में जांच के लिए छह सदस्यीय टीम बनाई गई है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। गृहमंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया। चार महीने पहले जो जवाब दिया था वही रिपीट: मूणत भाजपा विधायक राजेश मूणत ने गृह निर्माण सहकारी समितियों के बायलॉज में संशोधन का मामला उठाया। उन्होंने आसंदी का ध्यान आकर्षित कराया कि चार महीने पहले इस संबंध में पूछे गए सवाल का जो जवाब आया था उसे अभी फिर से रिपीट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़ा मामला है। गृह निर्माण समितियां बिना पैसे लिए किसी को भी एनओसी नहीं दे रही है। रायपुर में 40 से ज्यादा इस तरह की सोसायटियां हैं। इस पर विभागीय मंत्री केदार कश्यप ने आश्वस्त किया कि किसी भी तरह की शिकायत एनओसी को लेकर नहीं आएगी। सरकार ने इसके लिए कमेटी गठित की है। जिसकी दो बैठक हो चुकी है। अरपा के विकास के लिए बड़ी परियोजना बनाएंगे- साव
डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि न्यायधानी बिलासपुर की जीवन दायिनी अरपा नदी काे प्रदूषण से बचाने तथा उसके विकास के लिए अलग से परियोजना बनाएंगे। दरअसल धरमलाल कौशिक ने ध्यानाकर्षण में कहा कि नाले का गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट के नदी में बह रही है। विभिन्न नालों का पानी इसमें प्रवाहित होने से नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को सदन ने दी श्रद्धांजलि
कार्यवाही शुरू होते ही पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि वे बेहद सकारात्मक सोच और आर्थिक उदारता को समर्पित थे? सीएम साय ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जानकारियां निभाई। डॉ. महंत ने कहा कि आज स्व. सिंह को दी गई श्रद्धांजलि अपने आप में उदाहरण है।


