भास्कर न्यूज | टोंक किशोरी को ब्लैकमेल करने व कई जगह ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले पुलिस ने एक ओर बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। जिसे मंगलवार को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण (सुधार) गृह भेज दिया गया। 15 फरवरी को पुरानी टोंक थाने में मामला दर्ज होने के बाद अब पुलिस ने चार बाल अपचारियों को निरुद्ध करवा चुकी है। वहीं, प्रकरण में एक बालिग आरोपी ताल कटोरा निवासी मोहम्मद अरबाज उर्फ अक्कू मेवाती को गिरफ्तार किया था। जिसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जांच अधिकारी डीएसपी (टोंक) राजेश विद्यार्थी ने बताया कि 14 साल की किशोरी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रकरण 15 फरवरी को पुरानी टोंक थाने में दर्ज हुआ था। पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में छह लड़कों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाया था। जांच में दौरान तीन किशोरों पहले ही निरुद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। ताल कटोरा निवासी मोहम्मद अरबाज उर्फ अक्कू मेवाती इस प्रकरण में एकमात्र बालिग आरोपी है, जिसे गिरफ्तार किया गया, फिलहाल वह 15 दिन की न्यायिक हिरासत में है। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बताए कैफे की छानबीन के दौरान प्रिंस कैफे संचालक मोहसिन उर्फ छोटू और राधे-राधे कैफे के संचालक मनोज कुमार देवानी को भी प्रकरण में उक्त आरोपियों को सहयोग करने आरोप में गिरफ्तार था। क्योंकि दोनों पर आरोप था कि सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण में इन्होंने उनकी सहायता की। उन्हें भी न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में नामजद शेष दो नाबालिगों में से एक को डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद मंगलवार को निरुद्ध किया और किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल सुधार गृह में दाखिला करवा दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि प्रकरण में एक ओर किशोर को पकड़ा जाना बाकी है।


