टोंक| राजस्थान पुलिस अकादमी का देशभर में गौरव बढ़ाने पर पुलिस महानिरीक्षक (सेवानिवृत्त) और निवाई निवासी कैलाश चन्द्र जाट को डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राजस्थान पुलिस अकादमी में हुए राजस्थान पुलिस अलंकरण समारोह में डीजीपी यूआर साहू ने किया। 1987 के बैच में बीएसएफ में अधिकारी के तौर पर शामिल हुए कैलाश चन्द्र जाट वर्ष 2018 में प्रतिनियुक्ति पर राजस्थान पुलिस में पुलिस उप महानिरीक्षक के तौर पर राजस्थान पुलिस अकादमी में नियुक्ति हुए। यहां उन्होंने अकादमी के अनुशासन को बनाए रखने के साथ-साथ यहां की विविध गतिविधियों को श्रेष्ठ रूप में पहुंचाया। वे पिछले साल जुलाई में सेवानिवृत्त हुए। अकादमी में उनके द्वारा किए कार्य एवं दी गई सेवाओं को लेकर उन्हें डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया गया। कैलाश चन्द्र जाट की स्कूली शिक्षा निवाई में, स्नातक तक की पढ़ाई टोंक कॉलेज तथा स्नातकोत्तर शिक्षा जयपुर में हुई है। वहीं, आवां के जय नारायण शेर को तीसरी बार डीजीपी डिस्क और प्रशस्ति पत्र मिला। राजस्थान पुलिस के आईजी जय नारायण शेर को प्रशासन, कल्याण और पर्यवेक्षण में सुधार के लिए सम्मान दिया गया। सोमवार को जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीजी उत्कल रंजन साहू ने उन्हें यह सम्मान दिया। इससे पहले भी राष्ट्रपति से पुलिस पदक, गृह मंत्रालय और पूर्व मुख्यमंत्री उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कई पदक और प्रशस्ति पत्र भी मिल चुके हैं।


