गुरुद्वारा श्री धुबड़ी साहिब से निकाले जा रहे जागृति नगर कीर्तन का रांची में होगा स्वागत

सिखों के नौंवे गुरु श्री गुरु तेग बहादुर की शहादत के 350 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में असम के गुरुद्वारा श्री धुबड़ी साहिब से निकाले जा रहे जागृति नगर कीर्तन का रांची के सिख समाज द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जाएगा। श्री गुरु सिंह सभा रांची द्वारा मेन रोड गुरुद्वारा के सामने भव्य स्वागत किया जाएगा और गुरुद्वारा में विशेष दीवान सजाया जाएगा। श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि इस उपलक्ष्य में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर द्वारा आयोजित कार्यक्रम के तहत रांची शहर में इसकी रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार की रात मेन रोड गुरुद्वारा में अहम बैठक बुलाई गई। प्रो डॉ हरमिंदरबीर सिंह ने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सिक्शों के नौंवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर की शहादत के 25 नवंबर को 350 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देश के तीन स्थानों श्री धुबड़ी साहिब असम, गुरुद्वारा श्री मट्टन साहिब जम्मू और गुरुद्वारा श्री नांदेड़ साहिब महाराष्ट्र से जागृति नगर कीर्तन निकाले जा रहे हैं। उन्होंने रांची में इसकी तैयारी की रूपरेखा को लेकर श्री गुरु सिंह सभा रांची और श्री गुरु नानक सत्संग सभा कृष्णा नगर कालोनी के सदस्यों के साथ विचार विमर्श किया। प्रो हरमिंदर बीर सिंह ने बताया कि आयोजन को देश के तीन जोन में बांटा गया है, जिसमें असम के गुरुद्वारा श्री धुबड़ी साहब से निकाला जा रहा जागृति नगर कीर्तन कोलकाता, मालदा, आसनसोल, धनबाद और टाटानगर होते हुए अक्टूबर में रांची पहुंचेगा। इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा मेन रोड द्वारा पीपी कंपाउंड के गुरु नानक स्कूल परिसर में विशेष दीवान सजाया जाएगा। श्री गुरु सिंह सभा द्वारा तैयारी को लेकर जल्द ही बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, रणजीत सिंह हैप्पी, हरप्रीत सिंह, दिलबीर सिंह, हरजीत सिंह, परमजीत सिंह चाना, नरेंदर पाल सिंह, राजेंदर सिंह, मंजीत सिंह समेत अन्य शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *