कोंडागांव में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बंधा तालाब स्थित शिव मंदिर के बाहर कड़कड़ाती ठंड में भी श्रद्धालु रात से ही पूजा सामग्री की दुकानें लगाकर बैठे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा हर साल की है। वे महाशिवरात्रि से एक रात पहले ही तैयारियां शुरू कर देते हैं। जंगल से बेलपत्र और विभिन्न प्रकार के फूल एकत्र किए जाते हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी कंबल ओढ़कर पूजा सामग्री जैसे धतूरे के फूल, नारियल, बेलपत्र और अगरबत्ती बेचने के लिए मंदिर के बाहर बैठे हैं। रुद्राभिषेक के साथ हवन पूजन का आयोजन बंधा तालाब शिवालय में हर साल भव्य पूजा का आयोजन किया जाता है। यहां रुद्राभिषेक के साथ-साथ हवन पूजन का विशेष आयोजन होता है। पूजा के बाद भंडारे का भी आयोजन किया जाता है। दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।


