उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव के निर्देश पर चिरमिरी में विकास कार्य तेज हो गए हैं। नगर पालिक निगम आयुक्त रामप्रसाद आचला रोजाना सुबह अपनी स्वच्छता टीम के साथ शहर का दौरा कर रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2024 के स्वच्छता सर्वेक्षण और ओडीएफ प्लस-प्लस को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त ने कोरिया कॉलरी और गेल्हापानी के एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण किया। साथ ही पोड़ी के गाड़ाबुड़ा में जल संबंधी कार्यों और गौठान का जायजा लिया। निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा शहर में निर्माणाधीन सामुदायिक भवनों के कार्यों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी काम गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे किए जाएं। एसएलआरएम सेंटर में स्वच्छता दीदियों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की जानकारी ली। उन्हें स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सहायक अभियंता विजय बधावन, स्वच्छता अधिकारी उमेश तिवारी, जिला समन्वयक प्रवीण सिंह और क्षेत्र के सुपरवाइजर मौजूद रहे।


