महाशिवरात्रि पर मंदिरों में लंबी लाइन:शिवालयों में ओम नमः शिवाय की गूंज, जलाभिषेक करने पहुंचे भक्त

महाशिवरात्रि का पर्व बुधवार को भक्तिभाव, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भोलेबाबा की विशेष पूजा-अर्चना हो रही है। शहर भगवान शिवजी की पूजा- अर्चना, स्तुति व आराधना में लीन है। मंदिरों व शिवालयों में ‘ओम नमः शिवायः’, ‘हर हर महादेव’, ‘बम बम भोले’ के जयघोष के साथ महादेवजी का अभिषेक किया जा रहा है। भक्तों की लम्बी लम्बी कतारें लगी हुई है। शिवालयों को विशेष रोशनी से सजाकर भगवान का मनमोहक शृंगार किया गया है। इस अवसर पर जल, दूध, दही, शहद, भांग, बिल्वपत्र, आंकड़े के पुष्प, फल, गन्ने के रस आदि से शिव परिवार की पूजा की जा रही है। दुग्धाभिषेक, सहस्त्रधारा, रूद्रीपाठ सहित कई धार्मिक आयोजन है। शिव परिवार का केसर, इत्र, चंदन एवं फूलों से विशेष श्रृंगार भी किया गया। अजमेर शहर के प्राचीन मंदिर झरनेश्वर मंदिर, मदार गेट स्थित प्राचीन शांतेश्वर शिव मंदिर,, वैशाली नगर स्थित भोलेश्वर मंदिर, आंतेड़ स्थित शिव मंदिर, आरपीएससी परिसर के लोकेश्वर महादेव मंदिर, बजरंगगढ़, रामगंज, केसर गंज, अजय नगर स्थित कांच मंदिर, साईबाबा मंदिर में शिवालय सहित क्षेत्रवार सभी शिव मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ है। अजमेर के श्री झरनेश्वर महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष उत्तमचंद पंवार ने बताया कि श्री झरनेश्वर महादेव मंदिर अंदरकोट में सुबह से पूजा अर्चना के लिए कतार लगी हुई है। यहां करीब पन्द्रह हजार लीटर प्रसाद का वितरण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *