विश्वविख्यात बाबा खाटूश्याम का वार्षिक मेला 28 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। 11 मार्च तक आयोजित होने वाले इस मेले में देश के अलग-अलग राज्यों से भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। भक्तों को आवागमन में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। इसके लिए रेलवे लगातार ट्रेनों में डिब्बों की बढ़ोतरी कर रहा है। साथ ही स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन कर रहा है। रेलवे अब मेले को देखते हुए दो स्पेशल ट्रेन और संचालित करने जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ कैप्टन शशिकिरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09725, जयपुर-शकूरबस्ती मेला स्पेशल रेलसेवा 1 मार्च से 15 मार्च तक जयपुर से सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09726, शकूरबस्ती -ढेहर का बालाजी (जयपुर) मेला स्पेशल ट्रेन 1 मार्च से 15 मार्च तक शकूरबस्ती से दोपहर 3:50 बजे रवाना होकर रात 10:50 बजे ढेहर का बालाजी (जयपुर) पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में ढेहर का बालाजी,नींदड बैनाड, चौमू सामोद, गोविन्दगढ, रींगस, श्रीमाधोपुर, कांवट, नीम का थाना, मावंडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुण्ड, रेवाडी, झज्जर, अस्थल बोहर व बहादुरगढ स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेलसेवा में 09 साधारण श्रेणी के एवं 02 गार्ड श्रेणी के कुल 11 डिब्बे होंगे। गाड़ी संख्या 09727, मदार (अजमेर)-कुरूक्षेत्र मेला स्पेशल ट्रेन दिनांक 9 मार्च से 12 मार्च तक (04 ट्रिप) मदार से सुबह 09.20 बजे रवाना होकर शाम 7.40 बजे कुरूक्षेत्र पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09728, कुरूक्षेत्र-मदार (अजमेर) मेला स्पेशल रेलसेवा 9 मार्च से 12 मार्च तक कुरूक्षेत्र से रात 9.25 बजे रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 8 बजे मदार पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में किशनगढ, नरैना, फुलेरा, रेनवाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कांवट, नीम का थाना, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुण्ड, रेवाडी, झज्जर, रोहतक, जीन्द, नरवाना व कैथल स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेलसेवा में 16 साधारण श्रेणी के एवं 02 गार्ड श्रेणी के कुल 18 डिब्बे होंगे।


