पुलिस प्रताड़ना के आरोप पर 3 दिन में होगी जांच

भास्कर न्यूज | पुरूर ग्राम पुरूर निवासी पुरानिक जोशी ने सोमवार को कथित अवैध वसूली और पुलिस प्रताड़ना के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, पुरानिक जोशी को पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के आरोप में पकड़ा था और उनसे 30 हजार रुपये की वसूली की मांग की। उन्होंने पहले 10 हजार रुपये दिए और अगले दिन बाकी देने का आश्वासन दिया। पैसे की व्यवस्था न होने के कारण डर में आत्महत्या कर ली। इसके बाद परिजनों ने घटना की जांच व दोषी पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने भी उच्च अधिकारियों के समक्ष पुरूर पुलिस पर भ्रष्टाचार का आरोप का लगाते हुए कहा कि पुलिस छोटे-छोटे कामों के लिए पैसे की मांग करते हैं। तथा कार्यवाही का भय दिखाकर अवैध वसूली करते हैं। इसके पूर्व भी ग्राम चंदनबिरही, पुरूर, चिटौद, फागुनदाह के युवकों ने भी पुरूर थाना के एक प्रधान आरक्षक पर कार्रवाई का भय दिखाकर वसूली करने की शिकायत डीएसपी माया शर्मा से की थी। अब सोमवार की घटना के बाद परिजन और सतनामी समाज के लोगों ने पुरूर पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। डीएसपी माया शर्मा और थाना प्रभारी शेंडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने कुछ पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ नामजद कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस गुरूर अध्यक्ष किशोर साहू, परिजनों का समर्थन किया और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने तीन दिन में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएसपी माया शर्मा ने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *