भास्कर न्यूज | बालोद जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाएं सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत मंगलवार को कक्षा 10वीं की विशिष्ट एवं सामान्य अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने बताया कि जिले के 5 विकासखंडों में कुल 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कुल 10,319 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,164 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 155 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। गुंडरदेही विकासखंड मंे 2414 में से 38 अनुपस्थित, डौंडीलोहारा में 2396 में से 30 अनुपस्थित, गुरूर में 1848 में से 32 अनुपस्थित, बालोद में 1882 में से 26 और डौंडी में 1779 में से 29 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से नकल का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। हाई स्कूल मुख्य परीक्षा के द्वितीय दिवस जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा डौंडीलोहारा विकासखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दुधली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौंडीलोहारा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमकापार का जायजा लिया गया। इस दौरान स्टाफ को जरूरी निर्देश भी दिए।


