नगरपालिका चुनाव के तहत 23 फरवरी को संपन्न मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में बनाए गए वज्र गृह में सुरक्षित रख दिया गया है। वज्र गृह की चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है। यहां जिला बल और जैप के जवानों की तैनाती की गई है, ताकि मतपेटियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं हो। मतगणना 27 फरवरी की सुबह आठ बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अध्यक्ष व वार्ड सदस्य की गिनती एक साथ होगी : डीसी उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने बताया कि मतगणना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना कर्मियों को पूर्व में प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 25 फरवरी को एक और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्य पद के मतों की गिनती एक साथ कराई जाएगी, जिससे परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकें। नगर परिषद गढ़वा के लिए 14 टेबल, बंशीधर नगर नगर पंचायत के लिए 10 टेबल तथा मझिआंव नगर पंचायत के लिए नौ टेबल बनाए गए हैं। मतगणना कार्य में कुल 126 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक टेबल पर संबंधित प्रत्याशी के एक-एक एजेंट को मतगणना हॉल में उपस्थित रहने की अनुमति होगी, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। मतगणना वार्ड नंबर एक से प्रारंभ की जाएगी। 50-50 मतपत्रों का एक बंडल तैयार कर गिनती की जाएगी। अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के लिए मतपत्रों की गिनती एक साथ होगी। प्रशासन के अनुसार नगर परिषद गढ़वा व नगर पंचायत बंशीधर नगर की मतगणना तीन राउंड में पूरी की जाएगी, जबकि मझिआंव नगर पंचायत की मतगणना दो राउंड में संपन्न होगी। अनुमान है कि दोपहर दो से तीन बजे तक मतगणना कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि चुनाव परिणाम सुचारु रूप से घोषित किए जा सकें।


