विद्यार्थी शिक्षा और संस्कार से समाज में अपनी पहचान बनाते हैं : पीके दुबे

भास्कर न्यूज | गढ़वा अवध राज देवी ट्रस्ट द्वारा संचालित एआरडी पब्लिक स्कूल में सत्र 2024-26 के अंतर्गत मैट्रिक बोर्ड परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों द्वारा विगत वर्षों की परंपरा को निभाते हुए विद्यालय परिसर में फ्लॉवरिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मैट्रिक परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं ने विद्यालय को विभिन्न प्रकार के पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक पीके दूबे एवं प्राचार्या आणिमा पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। निदेशक ने कहा कि जिस प्रकार एक छोटा पौधा समय के साथ विकसित होकर छाया और फल देता है। उसी प्रकार विद्यार्थी भी शिक्षा एवं संस्कार के बल पर समाज में अपनी पहचान स्थापित करते हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्राचार्या आणिमा पाण्डेय ने कहा कि मैट्रिक बोर्ड परीक्षा जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परिणाम में विलम्ब स्वाभाविक है। किंतु विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे की तैयारी में जुट जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम का संदेश दिया। फ्लॉवरिंग सेरेमनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने विद्यालय और शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पर्यावरण को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन बाल संसद के अध्यक्ष दीक्षा रानी के द्वारा किया गया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन बाल संसद के ही प्रधानमंत्री सचिन कुमार गुप्ता ने सभी शिक्षकों एवं अपने सीनियर दसवीं कक्षा के भैया बहनों के प्रति आभार प्रकट कर किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के परीक्षा नियंत्रक रागिनी यादव, शिक्षक राजेश कुमार ठाकुर, बिभा कुमारी, रानी कुमारी, व्यूटी कुमारी, लाडली खातून, प्रियंका कुमारी, राधा कुमारी, शमी आजमी, संजना कुमारी, उम्मे लारेब, श्रेया भारती, साहिमा फलक, शाना परवीन, इरफान अंसारी, वासिफ राजा, नूर मोहम्मद, पूनम मिंज आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *