चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास रोड एनएच 32 लेंगडीह गांव के समीप दो बाइकों पर सवार छह मनचलों ने होटल मालिक सपन महतो व उनके बेटे पर हमला कर दिया। इसमें दोनों घायल हो गए। घटना बुधवार शाम 5 बजे की है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार से होने के कारण मनचले बाइक से गिर गए थे। सपन महतो और उनका बेटा राहुल मनचलों को सड़क से उठाने गए। तब मनचलों ने होटल मालिक पर ही हमला कर दिया। सिर पर हमला किए जाने के कारण काफी खून बहने लगा। राहुल ने जब अपने पिता को बचाने की कोशिश की, तो मनचलों ने उसपर भी हमला कर दिया। कुछ ही देर में राहगीरों की भीड़ लग गई। इसे देखकर मनचले बाइक समेत भाग गए। तीन मनचलों को लोगों ने पकड़ लिया। तीनों को चांडिल पुलिस को सौंप दिया। घायल सपन महतो और राहुल महतो को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल में भर्ती कराया गया। यहां दोनों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सरायकेला | आदित्यपुर वार्ड 1 से पार्षद पद के प्रत्याशी आनंदपुर निवासी बनमाली दास के घर पर विपक्षी प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। घर में तोड़फोड़ की गई। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना सोमवार रात की है। जानकारी के अनुसार, करीब 20-25 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने बनमाली दास, उनके प्रस्तावक गुरुपदो दास व प्रस्तावक के पुत्र के साथ मारपीट की। इस दौरान तीनों को चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर सामानों में तोड़फोड़ भी की है। बनमाली दास ने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद वे अपने आनंदपुर स्थित आवास पर समर्थकों के साथ चुनाव परिणाम को लेकर आकलन कर रहे थे। इस दौरान सुमित दास, सुजित दास, सचिन महतो, संदीप महतो, राजीव महतो, अनूप महतो, कपूर महतो, आकाश महतो, जगबंधु महतो, रवि महतो, जगरू दास, सहदेव दास समेत अन्य लोग हथियार के साथ उनके घर पहुंचे। अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वे घर के अंदर घुस गए। आसपास के ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के पहुंचते ही सभी हमलावर मौके से भाग गए। घटना के बाद देर रात बनमाली दास ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


