लुधियाना-फिरोजपुर मुख्य मार्ग पर चौंकीमान के पास स्थित सीटी यूनिवर्सिटी में सोमवार रात कश्मीरी मुस्लिम छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि रमजान के महीने में रोजा रखने के बावजूद उन्हें न तो सहरी के समय और न ही इफ्तारी में समय पर भोजन दिया जा रहा था। कई बार मेस बंद मिली और बार-बार शिकायत करने पर भी यूनि. प्रबंधन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया। इसके बाद वीसी डॉ. नितिन टंडन से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा ले लिया गया। वीसी को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को छात्र यूनि. गेट पर धरने पर बैठ गए व नारेबाजी की। हालात देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीएम उपिंदरजीत कौर, एसएसपी अंकुर गुप्ता और शाही इमाम मोहम्मद उसमान रहमानी ने भी पहुंचकर छात्रों और प्रबंधन से बातचीत की। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वाइस चांसलर पर छात्रों से कथित रूप से अभद्र भाषा में बात करने के आरोप लगे हैं। इसके बाद जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने वीडियो को री-पोस्ट करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग किया। एसडीएम करेंगे जांच: चांसलर यूनिवर्सिटी के चांसलर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि कई दौर की बातचीत हुई है। वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए एसडीएम जगराओं की अगुवाई में एक कमेटी का गठन किया गया है। यदि वाइस चांसलर जांच में दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।


