भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में इन दिनों फाल्गुन महोत्सव की भव्य धूम मची हुई है। महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को पूरा मंदिर परिसर हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्री बाला जी सत्संग समिति के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सुरमयी सुंदरकांड पाठ ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जैसे ही चौपाइयां गूंजीं पंडाल में मौजूद भक्त भक्ति रस में सराबोर होकर झूमने लगे। महोत्सव के दौरान बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार किया गया जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सुगंधित पुष्पों और भव्य पोशाक में सजे बाबा के दर्शनों के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। आचार्य दीपक पांडे और पंडितों की टोली ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन संपन्न कराया। सत्संग समिति के सदस्यों ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि कलयुग के इस कठिन दौर में सुंदरकांड का पाठ भवसागर से पार उतरने का सबसे सरल माध्यम है। राम नाम का जाप मात्र व्यक्ति के बड़े से बड़े दुख को सुख में बदलने की शक्ति रखता है। कार्यक्रम में समाजसेवी संजीव भार्गव रॉकी ने विशेष रूप से शिरकत कर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर ट्रस्टी अनिल मित्तल ने बताया कि 25 फरवरी को महोत्सव के चौथे दिन प्रसिद्ध भजन गायक विशाल गोयल शाम 4 से 7 बजे तक बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एल.आर. मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में अतुल वालिया परिवार द्वारा भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर संजय अग्रवाल, नीपम गोयल, विनय कुमार, हर नारायण गर्ग सहित भारी संख्या में गणमान्य सज्जन उपस्थित रहे और धर्म लाभ उठाया।


