उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए 2 महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। दादू दयाल जी के मेले के अवसर पर रानीखेत एक्सप्रेस को नरैना स्टेशन पर अस्थाई ठहराव दिया गया है। दूसरी ओर, जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस को सुपरफास्ट श्रेणी में क्रमोन्नत करते हुए इसके पुराने नंबरों में बदलाव कर दिया गया है, जो गुरुवार (26 फरवरी) से प्रभावी होंगे। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, नरैना में आयोजित दादू दयाल जी मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रानीखेत एक्सप्रेस के समय में अस्थाई बदलाव किया गया है। यह सुविधा 27 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। ट्रेन संख्या 15013 (जैसलमेर-काठगोदाम): यह ट्रेन 27 फरवरी तक नरैना स्टेशन पर दोपहर 2:17 बजे पहुंचेगी और 2:19 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 15014 (काठगोदाम-जैसलमेर): यह ट्रेन नरैना स्टेशन पर सुबह 11:01 बजे आगमन और 11:03 बजे प्रस्थान करेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस ठहराव से मेले में आने वाले यात्रियों को आवागमन में सुगमता होगी। जोधपुर-बेंगलुरु अब सुपरफास्ट नंबर के साथ जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि जोधपुर-बेंगलुरु द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 16507/16508) को अब सुपरफास्ट श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। इस अपग्रेड के साथ ही ट्रेन के संचालन नंबर बदल दिए गए हैं। नए नंबरों का विवरण: 20693: यह नया सुपरफास्ट नंबर 26 फरवरी, गुरुवार से ट्रेन संख्या 16507 (जोधपुर-बेंगलुरु) की जगह लेगा। 20694: बेंगलुरु से चलने वाली ट्रेन संख्या 16508 अब इस नए नंबर के साथ संचालित होगी। यह लंबी दूरी की ट्रेन राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे चार राज्यों को जोड़ती है। यह जोधपुर से हर सप्ताह गुरुवार और शनिवार को, जबकि बेंगलुरु से सोमवार और बुधवार को रवाना होती है। यात्रियों से विशेष अपील रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा की योजना बनाने या टिकट बुकिंग करने से पहले नए ट्रेन नंबरों और समय-सारणी की पुष्टि अवश्य कर लें। सुपरफास्ट श्रेणी में आने से यात्रियों को अब कम समय में बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।


