सोनू मिश्रा और प्रकाश जेरोक्स के ठिकानों पर दूसरे दिन भी छापे, नोट गिनने की मशीन मंगाई

डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड के उपयोग में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार देर रात तक चली छापेमारी के बाद बुधवार को भी टीम ने चास और सेक्टर-9 स्थित ठिकानों पर दस्तावेजों की गहन जांच की। चास के प्रभात कॉलोनी निवासी सोनू मिश्रा ने जिले के विभिन्न स्कूलों में बाला पेंटिंग का काम बड़े पैमाने पर किया था। इन्हीं ठेकों व भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। टीम ने संबंधित फाइलें, बिल-वाउचर और बैंक लेनदेन से जुड़े कागजात खंगाले। सेक्टर-9, स्ट्रीट-37 स्थित आवास संख्या-978 में संचालित मेसर्स प्रकाश जेरोक्स के यहां भी आईटी टीम ने दबिश दी। प्रकाश जेरोक्स पर स्कूलों व सरकारी संस्थानों में सामग्री आपूर्ति का आरोप है। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में दस्तावेज मिलने और नकदी की संभावना को देखते हुए टीम ने नोट गिनने की मशीन भी मंगाई। पूरी कार्रवाई डीएमएफटी फंड के उपयोग में कथित गड़बड़ियों से जुड़ी है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि क्या ठेकों और सप्लाई कार्यों में सरकारी राशि का दुरुपयोग हुआ या अवैध तरीके से लाभ कमाया गया। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *