बोकारो | बीएसएल के आरएमपी विभाग की ओर से बुधवार को को प्लांट प्लाजा रोड पर सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य संयंत्र के सभी कार्मिकों एवं श्रमिकों के दैनिक जीवन में सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है, ताकि कार्यस्थल और सड़क पर होने वाली अनचाही दुर्घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। यह पहल बीएसएल परिसर के भीतर सड़कों को सुरक्षित बनाने तथा सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारियों, गैर-कार्यपालक कार्मिकों एवं संविदा श्रमिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने सुरक्षा संदेशों से युक्त बैनर और नारों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक एन श्रीकांत, मुख्य महाप्रबंधक बिपिन कृष्ण सरतापे व महाप्रबंधक मुकेश कुमार सिंह ने लोगों को सुरक्षित रहने की अपील की। कहा कि बीएसएल की सुरक्षा प्रथम की कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है। इस प्रकार के निरंतर कार्यक्रमों से न केवल कार्मिकों में सुरक्षा के प्रति सजगता आएगी, बल्कि शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी सहायक होगा।


