गंगरेल के टापू में की बोटिंग कम ट्रेकिंग, 120 प्रतिभागी शामिल हुए

भास्कर न्यूज | धमतरी यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की धमतरी इकाई ने बीते 22 फरवरी को बोटिंग-कम-ट्रेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस रोमांचक अभियान में राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनका उद्देश्य प्रकृति के प्रति प्रेम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम की शुरुआत एसपी सूरज सिंह परिहार और संस्था के संरक्षक व डीएफओ कृष्णा जाधव ने हरी झंडी दिखाकर की। खास बात यह रही कि इन अधिकारियों ने केवल प्रतिभागियों को रवाना ही नहीं किया, बल्कि स्वयं भी इस ट्रेकिंग में हिस्सा लेकर सबका उत्साह बढ़ाया। एसपी सूरज सिंह परिहार ने जीवन को सरल और संतुलित तरीके से जीने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इंसान को कम से कम संसाधनों में जीवन यापन करना सीखना चाहिए और प्रकृति का सम्मान करते हुए उसके संरक्षण के लिए प्रयास करना चाहिए। डीएफओ कृष्णा जाधव ने कहा कि यदि हम निस्वार्थ भाव से प्रकृति की सेवा और उसकी आराधना करते हैं, तो वह हमें हमारी अपेक्षा से अधिक लौटाती है। इस अवसर पर धनंजय सोनकर, योगेश गुप्ता, डॉ. भूपेंद्र साहू, मनीष चंद्राकर, हरदेव सिंह गिल, मालती जोशी, भूपेश चौधरी और कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। धमतरी में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में नई ऊर्जा का संचार करना था। संस्था के चेयरमैन हुकुम चंद जैन ने बताया कि इसमें कोरबा, भिलाई, कवर्धा, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर और बलौदाबाजार जिलों से बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए। संस्था के अध्यक्ष रमेश देव ने बताया कि प्रतिभागी बोटिंग पॉइंट से गंगरेल बांध पार करके टापू पहुंचे, जहां जंगल के करीब 5 किमी लंबे ट्रैक की चुनौती पूरी की। नकटी देवी में ट्रेकिंग समाप्त होने के बाद, सभी शाम तक गंगरेल वापस लौटे। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। संस्था के सचिव सुबोध महावर ने बताया कि यूथ हॉस्टल्स न सिर्फ ट्रेकिंग बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पार्कों की सफाई, प्लास्टिक उन्मूलन और पौधरोपण जैसे कार्य भी लगातार करती रहती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *