भास्कर न्यूज | रायगढ़ शहरी क्षेत्र के अतरमुड़ा वार्ड क्रमांक 26 स्थित मांगलिक भवन में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सास‑बहू सम्मेलन सह नि:शुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शुगर‑बीपी जांच, मातृ‑शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नेत्र परीक्षण, टीकाकरण और मुफ्त दवा वितरण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने शिविर का लाभ लिया। मुख्य अतिथि पार्षद सरिता राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि ऐसे शिविर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आयुष्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में मदद मिल रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों द्वारा घर‑घर पहुंचकर जागरूकता फैलाने की भूमिका की सराहना की गई। सही पोषण और विटामिन‑ए के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। शिविर राज्य शासन के दिशा‑निर्देशों के अनुसार कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन और जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजना पैकरा के संचालन में आयोजित हुआ। यहां गैर संचारी रोग जांच, मातृ स्वास्थ्य परीक्षण, वयोवृद्ध सेवा, शिशु स्वास्थ्य, कुष्ठ‑क्षय रोग और एचआईवी जांच, फाइलेरिया कार्यक्रम के तहत सामूहिक दवा सेवन तथा आयुष्मान कार्ड संबंधी जानकारी प्रदान की गई। पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुरू शिविर में पुरुष नसबंदी पखवाड़े की शुरुआत भी की गई। सास‑बहू सम्मेलन के माध्यम से परिवार नियोजन और मातृ‑शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग की टीम, डॉ. सोनाली मेश्राम, सेक्टर चिकित्सा अधिकारी, शहरी समन्वयक, सुपरवाइजर और मितानिन प्रशिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से संपन्न हुआ। आयोजकों ने कहा कि जागरूक समाज ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।


