हेल्थ कैंप: 220 स्वच्छता दीदियों की जांच

भास्कर न्यूज | रायगढ़ शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाली स्वच्छता दीदियों के लिए बुधवार को नगर निगम ने विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया। पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम और वेयरहाउस परिसर में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से कैंप आयोजित किया गया। शिविर में 220 स्वच्छता दीदियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों की टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर और हीमोग्लोबिन सहित जरूरी जांचें कीं। कई दीदियों की ब्लड जांच मौके पर ही की गई और रिपोर्ट के आधार पर दवाइयां तथा परामर्श दिया गया। आयुक्त क्षत्रिय ने सुबह शिविर का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियां शहर की सफाई व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को समय‑समय पर ऐसे शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। एमएमयू के डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश दीदियों में सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं पाई गईं, जिनके लिए तत्काल दवाइयां दी गईं। गंभीर मामलों को आगे जांच और उपचार के लिए रेफर किया गया। स्वच्छता दीदियों ने कहा कि काम की व्यस्तता के कारण वे नियमित जांच नहीं करा पातीं और ऐसे शिविर उनके लिए बहुत लाभदायक होते हैं। निगम प्रशासन ने आगे भी कर्मियों के लिए कल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *