भास्कर न्यूज | सूरजपुर सूरजपुर में सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में कलेक्टर परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोप लगाया कि फिल्म में यादव समाज की छवि आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत की गई है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। जिलाध्यक्ष रमाशंकर यादव और युवा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष परमेश्वर यादव ने कहा कि फिल्म का निर्माण ओम ठकुरानी प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टर, ट्रेलर और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री में यादव समाज का चित्रण समाज की गरिमा और सम्मान के प्रतिकूल है। ज्ञापन में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की गई। समाज ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी टकराव का नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सम्मान की रक्षा है। प्रदर्शन में कुंज लाल यादव, संजय यादव, राधा यादव, शिवबालक राम यादव, दुर्गा यादव, पारस यादव, विभीषण यादव, राजेन्द्र यादव, राजाराम यादव, उपेन्द्र यादव, शिवकुमार यादव, संजू यादव, फूलमती यादव सहित समाज के कई प्रमुख उपस्थित रहे।


