सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर यादव जी की लव स्टोरी नामक फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को लेकर यादव समाज के लोग देशभर में विरोध जता रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बिलासपुर में भी सर्व यादव समाज ने नेहरू चौक से कलेक्टोरेट तक रैली निकालकर फिल्म का विरोध जताया। साथ ही कलेक्टोरेट पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर फिल्म को रिलीज नहीं होने देने की मांग की। सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि निर्माता संदीप तोमर व निर्देशक अंकित भड़ाना की फिल्म यादव जी की लव स्टोरी 27 फरवरी को देशभर के सिनेमाघर में प्रदर्शित की जानी है। इसमें यादव समाज की युवती और मुस्लिम समाज के युवक के बीच काल्पनिक प्रेम प्रसंग दर्शाया गया है। सर्व यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष डीसी यादव व जिलाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने कहा कि इस फिल्म का शीर्षक व किरदार यादव समाज के नाम पर होने है, जो समाज की बहन-बेटियों के खिलाफ जाती है। इससे यादव समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। समाज के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मिलकर फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। रैली में राम यादव, सरजू यादव, मंजीत यादव, शैलेंद्र यादव, रोहित यादव, आशीष यादव, आयुष यादव, तरुण यादव, सुखनंदन यादव, विक्की यादव, प्रवीण यादव आदि मौजूद रहे। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस फिल्म को लेकर देशभर में समाज के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि फिल्म के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाया गया तो तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। समाज के वक्ताओं ने कहा कि सर्व यादव समाज सदैव संविधान, कानून व्यवस्था एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करता है। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि समाज की गरिमा और अस्मिता की रक्षा करना है।


