भास्कर न्यूज| कोरबा श्री श्याम मित्र मंडल कोरबा की ओर से दो दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन व होली महोत्सव 26 व 27 फरवरी को श्री श्याम मंदिर, मिशन रोड में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में श्री श्याम फाल्गुन निशान यात्रा व विशाल भजन संकीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसमें कोरबा सहित आस-पास के जिलों से करीब 10 हजार से अधिक श्याम भक्त व श्याम सखियों के शामिल होने की संभावना है। बुधवार को तिलक भवन में श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष गोपाल कुमार अग्रवाल व सदस्य राजकुमार सोनी ने बताया कि महोत्सव को लेकर व्यवस्था की गई है। निशान यात्रा 26 फरवरी की शाम 4 बजे चंग धमाल के साथ निकलेगी। यह फाल्गुनी निशान यात्रा शारदा विहार स्थित सत्यनारायण अग्रवाल के निवास स्थान से शुरू होकर पावर हाउस रोड होते हुए श्री श्याम मंदिर, मिशन रोड पहुंचेगी। यात्रा में श्याम भक्त ध्वज निशान लेकर बाबा के जयकारों के साथ चलेंगे। इसके साथ ही बाहर से आए कलाकार राधा-कृष्ण के साथ भगवान हनुमान की जीवंत झांकी का प्रदर्शन करेंगे, जो निशान यात्रा का खास आकर्षण होगा। इस मौके पर श्री श्याम मित्र मंडल के सचिव महेन्द्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंघानिया, संयुक्त सचिव संजय केडिया, सदस्य आलोक कुमार अग्रवाल, सचिन सिंघल, मनोज अग्रवाल आदि उपस्थित थे। 378 साल पुरानी है निशान अर्पित करने की परंपरा बाबा श्याम को निशान अर्पित करने की परंपरा करीब 378 वर्ष पूर्व राजस्थान के सूरजगढ़ ग्राम से प्रारंभ हुई थी। इसी परंपरा का निर्वहन में देशभर के श्याम भक्त निशान यात्रा करते हैं। मान्यता है कि बाबा के दरबार में जो भी भक्त निशान अर्पित करता है, उनकी मांग पूरी होती है। आयोजन के तहत पुष्प व गुलाल वर्षा, श्याम दरबार की आकर्षक सज्जा, लाइव संकीर्तन का आनंद भक्त ले सकेंगे। 27 फरवरी को विशाल भजन संध्या व प्रसाद वितरण होगा। श्याम मंदिर में बाबा श्याम का मनोहारी व अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर को पुष्पों से सुसज्जित किया जाएगा। रात 8 बजे भजन संध्या में दिल्ली के सुप्रसिद्ध भजन गायक भविष्य सीकरी की ओर से मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।


