उदयपुरवाटी से आ रही भूमिगत 33 केवी लाइन में बुधवार दोपहर बाद लगभग 3 बजे फाल्ट आने से बिजली बंद होने के चलते जहाज व बाघोली जीएसएस से जुड़े गांवों के उपभोक्ता परेशान रहे। जहाज जीएसएस से जुड़े जहाज, नवोड़ा, मावता, काटलीपुरा और बाघोली जीएसएस से जुड़े पचलंगी, झड़ाया नगर, तेजाजी नगर, कैरोठ, जगदीशपुरा, पापड़ा सहित अन्य गांव व ढ़ाणियों में बिजली सप्लाई बाधित रही। जिससे गांवों में महिलाओं को अंधेरा गहराने तक बिजली सप्लाई सुचारू नहीं होने से खाना बनाने व पूजा अर्चना करने सहित अन्य घर के कार्य करने में परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि यह भूमिगत लाइन महीने में कई बार फाल्ट हो जाती है। इससे लोगों को कई-कई घंटों तक बिना बिजली के रहना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार तो पर्व के मौके पर भी बिना लाइट के पर्व मनाना पड़ता है। भूमिगत लाइन के बार-बार फाल्ट होने से परेशान होकर ग्रामीणों ने सरकार से भूमिगत केबल बदलने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि सरकार ने जल्दी इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया तो मजबूरन लोगो को सरकार के खिलाफ आंदोलन करना पड़ेगा।


