फुटबॉल मैच, रस्साकशी और 100 मीटर दौड़ में बुजुर्गों ने दिखाई गजब की फुर्ती

भास्कर न्यूज | अमृतसर खालसा कॉलेज में वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2 दिवसीय खेल समारोह करवाया गया। कॉलेज के प्रिं. डॉ. आत्म सिंह रंधावा के दिशा-निर्देशों पर पंजाब सरकार की ‘साड्डे बुजुर्ग साड्डा मान’ पहल के अंतर्गत इस कार्यक्रम का उद्देश्य 2 पीढ़ियों के बीच संबंधों को मजबूत करना तथा खेलों और सामुदायिक जीवन में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था। डॉ. रंधावा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की रीढ़ की हड्डी हैं और युवाओं के लिए ज्ञान एवं प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का समन्वय प्रो. रणदीप सिंह, सहायक प्रोफेसर एवं एनएसएस इंचार्ज तथा प्रो. पलविंदर सिंह, सहायक प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। मैच से पूर्व प्रिंसिपल डॉ. रंधावा और डॉ. दलजीत सिंह, डीन छात्र कल्याण एवं प्रमुख, शारीरिक शिक्षा विभाग ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। प्रिंसिपल डॉ. रंधावा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच से हुई, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज विद्यार्थियों ने भाग लिया। दूसरे दिन वरिष्ठ नागरिकों के लिए रस्साकशी और 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एवं जीवंत भागीदारी दिखाई। उन्होंने कहा कि ‘साडे बुजुर्ग साडा मान’ जैसी पहले पीढ़ियों के अंतर को कम करने और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को बढ़ावा देने में सहायक होती हैं। इस अवसर पर डॉ. दलजीत सिंह ने जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। यह मैच उत्साह और खेल भावना के साथ खेला गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *