नर्मदापुरम में हरदा बायपास निवासी आचार-पापड़ का व्यापार करने वाली एक महिला ने माखननगर के कुछ किसानों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की है। किसानों से महिला ने लाखों रुपए की मूंग खरीदी की और बदले में चेक दे दिए। जब किसान बैंक चेक भुगतान कराने गए तो खाते में रुपए न होने से चेक बाउंस हो गए। किसानों ने महिला से संपर्क कर रुपए मांगे तो उसने रुपए देने के बजाय दुष्कर्म-छेड़छाड़ जैसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित तीन-चार किसानों ने देहात थाने पहुंचकर अलग-अलग आवेदन दिए हैं। पुलिस के मुताबिक ग्राम फुरतला के किसान राजेश सिंह राजपूत ने बताया कि अग्रवाल एक्जाटिक हरदा बायपास निवासी महिला ने कहा कि उनका पापड़ और आचार का बिजनेस है। जिसके लिए उन्होंने 23 लाख रुपए की अच्छी क्वालिटी की मूंग और गेहूं खरीदा था। महिला ने उन्हें 5-5 लाख रुपए के तीन और आठ लाख रुपए का एक चेक दिया। यह सभी चेक बाउंस हो गए। रुपए मांगने जाते है तो महिला धमकी देती है। पुलिस को कुछ रुपए देकर हमें झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाने और जेल भिजवाने का बोलती है। ग्राम झालसर सेठ के किसान अन्नू वर्मा ने बताया कि महिला ने मुझसे मूंग खरीदकर 3,70,000 का चेक दिया था, बैंक से बाउंस हो गया। महिला से रुपए मांगे तो महिला ने रेप के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसी तरह किसान विजय निमोदा ने भी महिला की लिखित शिकायत की। किसानों का कहना है कि महिला पर अन्य थानों में अपराध दर्ज है। किराए के मकान पर कब्जा करने का आरोप दिलीप सराठे ने शिकायत की कि उनका एक मकान वार्ड नंबर 14 मेकलसुता कॉलोनी में बना है। मकान पर महिला ने कब्जा कर रखा है। दिलीप सराठे का आरोप है कि महिला ने 11 महीने का एग्रीमेंट कर मकान किराए से लिया। अब वो न किराया समय पर, न बिजली बिल जमा कर रही। मकान खाली करने पर उल्टा हमसे रुपए की अड़ीबाजी कर रही है। इस सबंध में देहात थाना प्रभारी प्रवीण चौहान ने बताया कि पीड़ित किसानों ने मूंग खरीदी के बाद भुगतान नहीं करने का धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उक्त महिला को डोलरिया पुलिस तलाश रही जिस महिला के खिलाफ थाने में शिकायत आई। उसके खिलाफ डोलरिया थाने में भी चेक बाउंस का मामला है। महिला का स्थाई वारंट जारी है। जिसे डोलरिया पुलिस तलाश रही है। सूत्रों के मुताबिक महिला के ठगी करने के कई मामले सामने आ रहे है।


