पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया बृज होली महोत्सव:राधा वल्लभ मंदिर में भक्तों ने खेली लट्ठमार होली, फूल बरसाए

राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग और संबंधित विभागों द्वारा आयोजित दो दिवसीय बृज होली महोत्सव-2026 शुक्रवार को कामां में संपन्न हो गया। महोत्सव के दूसरे दिन पारंपरिक होली के विभिन्न स्वरूपों का आयोजन पूर्ण गरिमा, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच सफलतापूर्वक किया गया।
महोत्सव के दूसरे दिन का विधिवत शुभारंभ कामां के लाल दरवाजा पर गणेश पूजन के साथ हुआ। इसके बाद कामां के प्रमुख मंदिरों में सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार गुलाल होली, कुंज गुलाल होली, दूध-दही होली, लड्डू होली और लट्ठमार होली के अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न हुए। दर्शनार्थियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए अधिकारियों ने समुचित प्रबंध किए थे। इसके बाद गोपीनाथ मंदिर और राधा वल्लभ मंदिर से गोकुल चंद्रमा मंदिर तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें राजस्थानी लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रदर्शन किया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने अनुशासित रूप से भाग लिया। बाद में, राधा वल्लभ मंदिर में फूलों की होली और लट्ठमार होली का आयोजन पूर्ण आस्था और व्यवस्था के साथ किया गया।
महोत्सव के सांध्यकालीन सत्र में पवित्र विमल कुंड पर महाआरती और दीपदान का अलौकिक दृश्य देखने को मिला। इसके बाद श्री गोपीनाथ जी मंदिर में पारंपरिक होरी के रसिया का गायन हुआ। कामां के कोट ऊपर स्टेडियम में आयोजित विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ इस दो दिवसीय बृज होली महोत्सव का विधिवत समापन हुआ। पर्यटन विभाग और संबंधित अधिकारियों ने इस वृहद आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी जिलेवासियों, पर्यटकों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *