लुधियाना| संपति के विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को जान से मारने की नीयत से घर की दूसरी मंजिल से नीचे गली में फेंक दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात करीब दो महीने पुरानी है, लेकिन अब जाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने प्रेम नगर निवासी महिंदर कुमार की शिकायत पर उसके बड़े भाई हंसराज के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 26 दिसंबर की रात वह अपने घर की पहली मंजिल पर सो रहा था, इसी दौरान उसका बड़ा भाई वहां पहुंचा और संपति विवाद में गालियां निकालते हुए तोड़फोड़ करने लगा। आरोपी ने गुस्से में सामान तोड़ दिया और छत पर चढ़ गया, जहां उसका छोटा भाई सो रहा था, उसने भाई से जमकर मारपीट की और फिर उसे दूसरी मंजिल से नीचे गली में फेंक दिया। जोरदार धमाका और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकार गुरदेव सिंह ने बताया, पहले दोनो पक्षों में राजीनामे की बात चल रहीं थीं, लेकिन फिर बाद में केस दर्ज हुआ। बाकि आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।


