मसानगंज व खाटू श्याम मंदिर में सवामनी का भोग लगेगा आज

सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी शुक्रवार को मनाई गई। इस अवसर पर पीतांबरा पीठ, व्यंकटेश मंदिर, भैरव बाबा मंदिर सहित अन्य जगहों पर भगवान का विशेष शृंगार किया गया। वहीं फाल्गुन उत्सव के तीसरे दिन श्याम भक्तों ने भव्य निशान यात्रा निकाली। इसमें 1601 निशान लेकर भक्त तिलकनगर से निकले और घोंघा बाबा मंदिर परिसर स्थित खाटू श्याम मंदिर में पहुंचकर बाबा के समक्ष निशान अर्पित किए। वहीं शाम को भजनों के माध्यम से प्रभु को रिझाया और फूलों की होली भी खेली। तिलकनगर स्थित श्रीराम मंदिर से सुबह करीब 10.30 निशान यात्रा में पीले वस्त्र पहनकर श्याम भक्त शामिल हुए। हाथों में निशान, खाटू श्याम के जयकारे और जीण माता, महादेव, राम दरबार, त्रिपुर संुदरी की झांकी के साथ भक्त दोपहर 12 बजे घोंघा बाबा मंदिर परिसर स्थित खाटू श्याम मंदिर में पहुंचे। यहां मनोकामना के साथ भक्त कतार में खड़े होकर मंदिर में निशान अर्पित किए। 1601 निशान चढ़ाने करीब 3 घंटे का समय लगा। इसके बाद भक्तों को फलाहार बांटा गया। वहीं शाम करीब 7.30 बजे से भजन संध्या शुरू हुई। इसमें दिल्ली से आईं भाजन गायिका पूनम शर्मा, बिहार कटिहार के प्रवीण के अलावा रायपुर की अंजनी अग्रवाल व बिलासपुर के रोहित ने भजनों की प्रस्तुति दी। आयोजन की तैयारियां मंदिर समिति के अध्यक्ष मंगतराय अग्रवाल की अगुवाई में की गईं। एकादशी पर खाटू श्याम का अलौकिक शृंगार करने दिल्ली से करीब डेढ़ क्विंटल फूल मंगाए गए थे। इसमें गुलाब, सेवंती, आर्किड, गेंदे के फूल शामिल रहे। वहीं मोर पंख व तुलसी से बाबा को संवारा गया। शहर के खाटू श्याम मंदिरों में 4 दिवसीय फाल्गुन उत्सव का समापन 28 फरवरी को होगा। इस अवसर पर मसानगंज स्थित पंचमुखी हनुमान व खाटू श्याम मंदिर में विशेष पूजा होगी। वहीं सुबह 10 बजे से सवामनी का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। इसी प्रकार घोंघा बाबा मंदिर परिसर स्थित खाटू श्याम मंदिर में भी सवामनी को भोग बाबा को अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरण कर फाल्गुन उत्सव के समापन की घोषणा की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *