कम्युनिटी रिपोर्टर | भिलाई नेहरू नगर, भिलाई स्थित राधाकृष्ण मंदिर में चल रहे नवधा रामायण महोत्सव के सातवें दिन शुक्रवार को सीता हरण, हनुमान मिलाप और सुंदरकांड के दिव्य प्रसंग का श्रद्धालुओं ने पाठ किया। जोधपुर राजस्थान से पहुंचे पाठकर्ता पं. गिरधर गोपाल आसोपा और पं. सुशील आसोपा के श्रीमुख से जैसे ही जय हनुमान ज्ञान गुण सागर… की स्वर लहरियां गूंजीं पूरा वातावरण राममय हो गया। भक्तों की एक स्वर में चालीसा पाठ और रामधुन भी गाया। सुंदरकांड का सामूहिक पाठ श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति बन गया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक रूप से नवधा रामायण पाठ करने का यह अवसर उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण बन गया। इस अवसर पर राधा कृष्ण मंदिर समिति नेहरू नगर के अध्यक्ष संजय रुंगटा, बंशी अग्रवाल, चतुर्भुज राठी, सुधीर अग्रवाल, ललित सक्सेरिया, प्रहलाद रूंगटा, विशंभर अग्रवाल, रवि पीडियार, नवल अग्रवाल, दिनेश सिंघल, राजकुमार अग्रवाल, संतोष रुंगटा, दिलीप अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सुभाष गुलाटी, विकास सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। नेहरू नगर के राधाकृष्ण मंदिर में रामायण का पाठ करते सैकड़ों श्रद्धालु।


