पाकुड़ नगर परिषद चुनाव: शबरी पाल बनीं अध्यक्ष, 21 वार्डों के परिणाम घोषित

भास्कर न्यूज | पाकुड़ पाकुड़ नगर परिषद चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए, जिसमें स्वतंत्र प्रत्याशी शबरी पाल ने अध्यक्ष पद पर निर्णायक जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरणों को चौंका दिया। उन्होंने झामुमो समर्थित अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सेलिना सुल्तान को 2353 मतों के अंतर से पराजित किया। शबरी पाल ‘बक्सा’ चुनाव चिह्न पर मैदान में थीं, जबकि सेलिना सुल्तान ‘ईंट’ छाप पर चुनाव लड़ीं।मतगणना के हर राउंड में शबरी पाल ने लगातार बढ़त बनाए रखी और अंततः शानदार जीत हासिल की। उल्लेखनीय है कि शबरी पाल पूर्व में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रह चुकी हैं, लेकिन इस चुनाव में उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमाई। उन्हें किसी भी राजनीतिक दल का आधिकारिक समर्थन प्राप्त नहीं था। वहीं, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संपा साह को भाजपा का समर्थन मिला था, जबकि सेलिना सुल्तान को झारखंड मुक्ति मोर्चा का साथ प्राप्त था। निशिकांत दुबे ने संपा साह और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने सेलिना सुल्ताना के समर्थन में मतदाताओं से समर्थन की अपील की थी, जिससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया था। शुक्रवार सुबह 8 बजे बाजार समिति प्रांगण स्थित मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती शुरू हुई। पर्यवेक्षक रणजीत लोहरा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की उपस्थिति में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया संपन्न हुई। सबसे पहले वार्ड पार्षद पद के लिए मतों की गिनती की गई, उसके बाद अध्यक्ष पद के लिए मतों की गणना की गई। जीत के बाद शबरी पाल ने समर्थकों और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, यह जीत पाकुड़ की जनता की है। मैं नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य करूंगी। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। 21 वार्डों के विजयी प्रत्याशी नगर परिषद के 21 वार्डों के परिणाम इस प्रकार रहे वार्ड 1: मिथुन मरांडी वार्ड 2: उज्जवल हाड़ी वार्ड 3: किरण लाल कापरी वार्ड 4: रूपाली सरकार वार्ड 5: राणा ओझा वार्ड 6: राखी सरदारनी वार्ड 7: पूनम देवी वार्ड 8: अनिकेत गोस्वामी वार्ड 9: विमल चंद्र राउत वार्ड 10: गुड्डू भगत वार्ड 11: निभा देवी वार्ड 12: भीम सिंह वार्ड 13: असलम अंसारी वार्ड 14: मो. मुस्ताक अंसारी वार्ड 15: चंचल सिंह वार्ड 16: रियाज अंसारी वार्ड 17: आलमगीर अंसारी वार्ड 18: कृष्ण शर्मा वार्ड 19: तनु दास (सबसे कम उम्र की वार्ड पार्षद) वार्ड 20: चेनू बीवी वार्ड 21: रजिया बेवा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *