भास्कर न्यूज | मझिआंव ब्लॉक रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिव प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर आयोजित रुद्र महायज्ञ के सातवें दिन का दृश्य अत्यंत दिव्य, भावपूर्ण और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। प्रातःकाल से ही मंदिर प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दे रही थी। आचार्यों द्वारा भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और हवन संपन्न कराया गया। वातावरण में घी, हवन सामग्री और पुष्पों की सुगंध फैल रही थी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इस शुभ दिन सुसज्जित रथ पर शिवलिंग को भव्य रूप से स्थापित किया गया। रथ को आकर्षक पुष्पमालाओं, रंग-बिरंगे वस्त्रों और ध्वज-पताकाओं से सजाया गया था। जैसे ही शिवलिंग को रथ पर विराजमान किया गया, हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से आकाश गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य और कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण में सम्मिलित हुए।


