92 हजार से अधिक किसानों को मिली

भास्कर न्यूज | कांकेर कृषक उन्नति योजना के तहत शनिवार को खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले कांकेर जिले के 92 हजार 493 किसानों के खातों में 372 करोड़ 67 लाख 20 हजार रुपए की राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में रिमोट का बटन दबाकर प्रदेश सहित जिले के किसानों के खातों में एक साथ राशि अंतरित की। जिला स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र सिंगारभाट कांकेर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि कृषकों की आय दोगुनी करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया ने प्रत्येक अन्नदाता की मेहनत का वास्तविक सम्मान कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किया है। राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा तथा हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने भी किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों द्वारा ग्राम कोकपुर के किसान प्रेमलाल जैन, बेवरती के पीलाराम नेताम, पोटगांव के मानेश कुल्हरिया सहित 10 किसानों को अंतर राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। आदिवासी उप योजना अंतर्गत 15 किसानों को दलहनी फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए मूंग बीज मिनी किट वितरित की गई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष पूर्णिमा कावड़े, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर अरुण वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। 50 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी: जिले के किसानों द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 50 लाख 98 हजार 696 क्विंटल धान का विक्रय किया गया था। इसकी अंतर राशि जिले की 70 बैंक शाखाओं के माध्यम से किसानों के खातों में एकमुश्त जमा की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *