आधी रात दबिश, रेत लोड 14 हाइवा जब्त

भास्कर न्यूज | जांजगीर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण) द्वारा रात में खनन पर रोक के बावजूद जिले में रेत का अवैध खनन और परिवहन जारी है। बीती देर रात थाना अकलतरा पुलिस ने अमरताल के पास हाईवे पर दबिश देकर रेत से भरे 14 हाइवा को पकड़ा और मौके पर जब्त किया। यह कार्रवाई जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी ने नेतृत्व किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए वाहन बिलासपुर और आसपास के इलाकों से रेत लेकर आ रहे थे। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि इस अवैध खनन और परिवहन में बड़े सिंडिकेट के लोग शामिल हैं। एसडीओपी प्रदीप सोरी ने बताया कि अमरताल के पास से जब हाईवा वाहन गुजर रहे थे, उसी समय एक कोयले का ट्रक पलटने से यातायात बाधित हुआ। मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने सभी वाहनों को रोका और जांच की। पुलिस ने कहा कि इन 14 हाईवा वाहनों के चालकों और मालिकों के खिलाफ खनिज अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वाहनों और कागजात की जांच कर पूरे सिंडिकेट की पहचान की जा रही है। एनजीटी के नियमों अनुसार खनन कार्य केवल दिन के समय ही किया जा सकता है। रात में खनन या रेत का अवैध परिवहन पर्यावरण अधिनियम, खनिज अधिनियम और नदी संरक्षण प्रावधानों के तहत दंडनीय अपराध है। एनजीटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि रेत और खनिज केवल अनुमोदित खदानों से ही उठाए जा सकते हैं। नदी तटों या प्रतिबंधित क्षेत्रों से खनन पूर्णतः गैरकानूनी है। एनजीटी के आदेश का नहीं हो रहा पालन कार्रवाई की जा रही ^अवैध रेत उत्खनन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। -विजय कुमार पाण्डेय, एसपी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *