कार बेचने के नाम पर की 1.30 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | जांजगीर कार बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार किया। आरोपी ने प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में 1.30 लाख रुपए की ठगी की थी। मामले में मार्च 2023 में पीड़ित सुखी राम साहू निवासी केरा रोड भाठापारा ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है और स्वयं के उपयोग के लिए सेकंड हैंड कार खरीदना चाहता था। उसने मोबाइल नंबर के माध्यम से आरोपी वसीम खान निवासी दुर्ग से संपर्क किया। आरोपी ने खुद को वसीम खान बताया और दुर्ग में रहने की जानकारी दी। उसने प्रार्थी को मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर 2022 मॉडल का फोटो भेजा और कीमत 5,20,000 रुपए बताई। साथ ही बयाना देने को कहा। इसके बाद प्रार्थी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1,30,000 रुपए आरोपी के मोबाइल खाते में जमा कर दिए। राशि मिलते ही आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और वाहन की बिक्री नहीं की। लगातार संपर्क के प्रयासों के बाद भी आरोपी ने धोखाधड़ी जारी रखी। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू हुई। प्रारंभिक जांच में आरोपी का सुराग मिलना मुश्किल था। पुलिस टीम ने दुर्ग में कई जगह दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार रहा। थाना जांजगीर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। साइबर तकनीक का उपयोग कर आरोपी का लोकेशन पता लगाया गया। पुलिस टीम दुर्ग पहुंची और वसीम खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *