पटना | कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सांवारांवा में शनिवार को युवक का शव गांव के ही एक खुले कुएं में मिला। मृतक की पहचान पटेलपारा निवासी संतोष केवट (36 वर्ष) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बाड़ी में स्थित खुले कुएं में एक शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मृतक संतोष को आखिरी बार 25 तारीख को देखा गया था, उस समय उसने शराब का सेवन किया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह अंधेरे में खुले कुएं को देख नहीं पाया और उसमें गिर गया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि प्राथमिक दृश्य में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में कुएं में गिरने और डूबने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।


