क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर शादी से इनकार करने पर प्रेमिका ने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय प्रेमी घर पर नहीं था। सुबह प्रेमी के माता-पिता ने युवती का शव घर के रोशनदान से लटका देखा तो घबरा गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मल्हार चौकी क्षेत्र की युवती का राजू लहरिया नामक युवक के साथ तीन साल से प्रेम प्रसंग था। दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते थे। युवती लगातार प्रेमी राजू पर शादी का दबाव बना रही थी। 24 फरवरी को युवती राजू के साथ उसके घर आई थी। वहीं दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद जब युवती ने शादी की बात की तो राजू ने इनकार कर दिया। इससे नाराज युवती उसके घर में ही रुक गई। इससे नाराज राजू घर छोड़कर चला गया। युवती द्वारा फोन करने पर उसने कॉल उठाना भी बंद कर दिया। गुरुवार रात युवती ने राजू के माता-पिता के साथ खाना खाया और राजू के कमरे में सोने चली गई। वहीं रोशनदान के एंगल से स्कार्फ बांधकर फांसी लगा ली। सुबह जब राजू के माता-पिता जागे तो युवती ने दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांककर देखने पर उसका शव रोशनदान से फंदे पर लटका दिखाई दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में मृतका के प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया है। इधर देर शाम गांव के जनप्रतिनिधियों के साथ सौ से अधिक ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर दिया। सभी ने मृतका के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए हत्या का जुर्म दर्ज करने की मांग की ।


